मध्यप्रदेश सहित देशभर में विजय दशमी पर्व पर शस्त्र पूजन की सनातनी परंपरा चली आ रही है। इसी के चलते अब तक लगभग सभी जिला मुख्यालयों पर प्रशासनिक अधिकारियों के द्वारा यह परंपरा निभाई जाती रही है, लेकिन इस बार प्रदेश की मोहन यादव सरकार ने नवाचार करते हुए इसको लेकर एक नया प्रयोग किया है और इस दशहरे पर प्रदेश के मंत्रिमंडल के सदस्य जिला मुख्यालय पर शस्त्र पूजन में शामिल हुए हैं। वहीं प्रदेश के खंडवा जिले में भी स्थानीय पुलिस ग्राउंड डीआरपी लाइन पर प्रदेश के जनजातीय कार्य विभाग के मंत्री विजय शाह ने पंरपरागत रुप से विधि विधान के साथ शस्त्र पूजन की परंपरा को संपन्न कराया है। बता दें कि इसी नवाचार के तहत मुख्यमंत्री यादव स्वयं इंदौर तो मंत्री कैलाश विजयवर्गीय धार में शस्त्र पूजन में शामिल हुए हैं ।
प्रदेश में पहली बार मोहन सरकार के द्वारा शस्त्र पूजन का निर्णय लिया गया है। दशहरे अर्थात विजयादशमी के पावन अवसर पर वर्षों से परंपरा अनुसार जिला मुख्यालय पर कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक एवं उनकी टीम द्वारा ही शस्त्र पूजन किया जाता रहा है, लेकिन प्रदेश सरकार के आदेश के अनुसार इस वर्ष से मंत्रिमंडल के सदस्य दशहरे के अवसर पर शस्त्र पूजन में प्रातः काल शामिल हुए हैं। इस दौरान प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव इंदौर में, नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय धार एवं डॉ. कुंवर विजय शाह मंत्री मध्य प्रदेश शासन जनजातीय कार्य, लोक परिसम्पत्ति प्रबंधन एवं भोपाल गैस त्रासदी राहत एवं पुर्नवास विभाग जिला मुख्यालय खंडवा में शनिवार सुबह पुलिस लाइन खंडवा में दशहरा पर्व पर शस्त्र पूजन कार्यक्रम में शामिल हुए।
बता दें कि, विजयदशमी पर सिविल लाइन स्थित पुलिस ग्राउंड पर हुए इस शस्त्र पूजन में मंत्री सहित विधायक और सांसद एवं जनप्रतिनिधि भी शामिल हुए हैं। वहीं प्रशासनिक अधिकारियों में इस शस्त्र पूजन के दौरान जिला कलेक्टर अनूप कुमार सिंह, एसपी मनोज कुमार राय, एएसपी महेद्र तारणेकर सहित अन्य पुलिसकर्मी भी मौजूद रहे। जहां विद्वान पंडितों ने मंत्रोच्चार के साथ समारोह पूर्वक इस शस्त्र पूजन को संपन्न कराया।