फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

MP: खंडवा के सेल्स टैक्स कार्यालय में लगी भीषण आग, दस्तावेज जलकर हुए खाक; दमकल की गाड़ियां पहुंची

Sun, 12 Apr 2026 05:33 PM IST
खंडवा ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, खंडवा

मध्यप्रदेश के खंडवा शहर में जिला जेल के सामने स्थित सेल्स टैक्स (राज्य वाणिज्य कर) कार्यालय में रविवार दोपहर अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में कार्यालय के महत्वपूर्ण दस्तावेज, कंप्यूटर और फर्नीचर पूरी तरह जलकर खाक हो गए। राहत की बात यह रही कि रविवार का अवकाश होने के कारण आग लगने के समय कार्यालय में कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था, जिससे जनहानि नहीं हुई। हालांकि, वर्षों पुराने दस्तावेजों के नष्ट होने से भविष्य में आम लोगों को कार्यों के लिए परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। जानकारी के अनुसार, आग दोपहर करीब 2 बजे लगी। कार्यालय के पीछे चंपा तालाब क्षेत्र की बस्ती के लोगों ने जब धुआं और आग की लपटें देखीं, तो तुरंत डायल 112, पुलिस और संबंधित अधिकारियों को सूचना दी। साथ ही स्थानीय लोगों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास भी शुरू कर दिया।

पढ़ें: छिंदवाड़ा में दर्दनाक हादसा: 10वीं की छात्रा ने छत से कूदकर दी जान, कारणों की जांच जारी; परिजन हुए बेसुध सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के सहयोग से आग बुझाने का कार्य शुरू किया। रविवार होने के कारण कार्यालय भीतर से बंद था, अन्यथा बड़ी जनहानि हो सकती थी। दमकल की करीब 6 गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास जारी है। कोतवाली थाना प्रभारी प्रवीण आर्य के अनुसार, कंट्रोल रूम से आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया गया। अब तक लगभग 80 प्रतिशत आग पर काबू पा लिया गया है। 4 से 5 फायर फाइटर्स द्वारा लगातार पानी का छिड़काव किया जा रहा है, जबकि अतिरिक्त दमकल वाहन भी बुलाए गए हैं। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस और फायर विभाग द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है और जांच के बाद ही आग लगने की असली वजह सामने आ सकेगी।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें