खरगोन जिले के बड़वाह ब्लॉक की ग्राम पंचायत लोधी बी के ग्राम लखनपुरा में सीमांकन के बाद जमीन विवाद ने तूल पकड़ लिया। ग्राम सरपंच अर्जुन ओंकार कौशल द्वारा हल्का पटवारी और उनके सहयोगी के साथ अभद्र व्यवहार, नक्शा फाड़ने की कोशिश और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। इस गंभीर घटना पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 31 जून 2025 को ग्राम लखनपुरा की भूमि का सीमांकन पटवारी नीलम डावर व सहायक पटवारी पीयूष जैन की मौजूदगी में किया गया था। सीमांकन के बाद 18 जुलाई को दोनों पटवारी जब मौके का निरीक्षण करने पहुंचे, तो पाया कि आवेदक के पुत्र और ग्राम सरपंच अर्जुन कौशल द्वारा अन्य कृषक मनोज पिता रामप्रसाद अग्रवाल की भूमि पर जबरन खूंटे गाड़े जा रहे थे।
पटवारियों द्वारा जब उन्हें बताया गया कि उनका एक सीमांकन बिंदु (पॉइंट) गलत है, तो सरपंच अर्जुन कौशल ने भड़कते हुए गंभीर अभद्रता, गाली-गलौज, शासकीय कार्य में बाधा और नक्शा फाड़ने की कोशिश की। इतना ही नहीं, पटवारियों की बाइक की चाबी छीन ली गई, करीब दो घंटे तक उन्हें बंधक बनाकर रखा गया, और 3640 रुपये की नकद राशि भी छीन ली गई। साथ ही, उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई।
ये भी पढ़ें: महिला पर आया तांत्रिक का दिल, बनाना चाहता था संबंध, मना किया तो दुष्कर्म कर ऐसे ली जान; पूरी कहानी
पटवारी संघ ने की कार्रवाई की मांग
इस पूरे घटनाक्रम को लेकर सोमवार को मध्यप्रदेश प्रांतीय पटवारी संघ, शाखा बड़वाह के बैनर तले पटवारियों ने तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा। इसके बाद थाना प्रभारी बलराम सिंह राठौड़ को भी शिकायती आवेदन देकर पूरे मामले की जानकारी दी गई। आवेदन के आधार पर पुलिस ने ग्राम लोधी बी के सरपंच अर्जुन कौशल के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।
ये भी पढ़ें: 'कुछ नेता कहते हैं मैं लाया, उन्हें मैं से फुर्सत नहीं', बिना नाम लिए तोमर का सिंधिया पर हमला; वीडियो
फरियादी की जुबानी
पीड़ित पटवारी नीलम डावर ने बताया, "हम एक सीमांकन के बाद मौके का निरीक्षण करने गए थे। मनोज अग्रवाल ने हमें बुलाया था, लेकिन वहां सरपंच अर्जुन केवट द्वारा जबरन खूंटे गाड़े जा रहे थे। हमने उन्हें बताया कि उनका एक पॉइंट गलत है, इसी पर वे भड़क गए। हमारे साथ गाली-गलौज की, बाइक की चाबी छीन ली और हमें वहां देर तक रोके रखा।"