फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Khandwa News: दिग्विजय सिंह के बयान पर ज्ञानेश्वर पाटिल का पलटवार, बोले- उन्हें कौन लेता है सीरियस

Thu, 22 Jan 2026 10:41 AM IST
खंडवा ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, खंडवा

पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने हाल ही में भाजपा और आरएसएस के साथ ही ओवैसी को लेकर एक बयान दिया था, जिस पर पलटवार करते हुए मध्य प्रदेश की खंडवा लोकसभा सीट से सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल ने अब दिग्विजय सिंह को ही आड़े हाथों लिया है। सांसद पाटिल ने कहा है कि दिग्विजय सिंह को जनता और खुद उनकी कांग्रेस पार्टी भी कितना सीरियस लेती है यह तो सभी लोग जानते हैं। वहीं, भाजपा की बात करें तो भारतीय जनता पार्टी ने कभी भी किसी को डराने धमकाने का काम नहीं किया, बल्कि हमारी पार्टी तो सबको साथ लेकर और जोड़कर चलने का काम करती है।

यही नहीं देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तो यही कहते हैं कि सबका साथ सबका विकास, सबका विश्वास और सब का प्रयास। तो हमारी भारतीय जनता पार्टी भी इसी विचारधारा को लेकर चलने का काम करती है। बता दें कि पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने कहा था कि भाजपा और आरएसएस हिंदुओं को और ओवैसी मुलसमानों को डराते हैं और सावरकर और जिन्ना ने देश का बंटवारा कराया है और अब मोहल्ले बांट रहे हैं।

दिग्विजय सिंह के जिन्ना जी बोलने पर ली चुटकी
यही नहीं सांसद पाटिल ने कहा कि भाजपा की विचारधारा तो यह है कि हर व्यक्ति का कल्याण हो और अंतिम छोर के व्यक्ति के चेहरे पर चमक हो। पार्टी ने हमेशा ही जोड़ने का काम किया है, तोड़ने का काम कभी नहीं किया, बल्कि यह तो कांग्रेस पार्टी की विचारधारा और संस्कृति रही है। वहीं, सांसद पाटिल ने कहा कि दिग्विजय सिंह जितना भी बोलते हैं, उससे लाभ हमारी पार्टी को ही होता है। इधर दिग्विजय सिंह के जिन्ना जी बोलने के सवाल पर सांसद पाटिल ने पूर्व सीएम की चुटकी लेते हुए कहा कि उनके लिए तो जिन्ना जी होंगे ही, क्योंकि उनका जो उद्देश्य था वह अंग्रेजों के साथ फूट डालो और शासन करो था और इस नीति को कांग्रेस ने देश में 55 साल चलाने का काम किया है।

ये भी पढ़ें- दमोह के निबौरा गांव में मिसाल बना भाईचारा, पूरे गांव ने पिता बनकर लाडली नजमा को किया विदा

इशारों में मुस्लिम वर्ग को लेकर कांग्रेस पर निशाना
वहीं, सांसद पाटिल ने इशारों में कहा कि जिस वर्ग की वे बात करते हैं उस वर्ग को पढ़ने लिखने से वंचित रखने का काम कांग्रेस ने किया है। आर्थिक रूप से उन्हें मजबूत नहीं होने दिया गया, जबकि हमारी सरकार और मोदी जी के समय जितना हर एक व्यक्ति सक्षम हुआ है, उतना उसके पहले कभी सक्षम नहीं हुआ। हम चेहरा देखकर कभी योजनाएं नहीं बनाते, बल्कि गरीब व्यक्ति को देखकर बनाते हैं। हमारी योजनाओं में कभी किसी वर्ग या व्यक्ति के साथ भेदभाव नहीं किया गया और हम तो सबको साथ लेकर चलने की बात करते हैं।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें