धार जिले के नालछा में उर्स समापन के बाद बासी चावल खाने से ग्राम कुंजरा खोदरा के एक ही परिवार के 11 लोगों को फूड पॉइजनिंग हो गई, जिनमें 9 मासूम बच्चे शामिल हैं। सभी पीड़ितों का इलाज धार जिला भोज अस्पताल में चल रहा है।
जानकारी के अनुसार उर्स का आयोजन नालछा बड़ी दरगाह पर 16, 17 और 18 जून को हुआ था। पीड़ित परिवार के कुछ लोग उर्स के दौरान बर्तन साफ सफाई का काम कर रहे थे। 18 जून की रात उर्स का समापन हो गया था, जिसके बाद कल 19 जून सफाई करने के लिए ये लोग दरगाह परिसर पहुंचे थे। इन्हें उर्स के बाद बचा हुआ बासी मीठा चावल दिया गया था, जिसे वो पास ही अपने घर ले आए और घर के बच्चों ने उसी चावल को खाया था। खाने के कुछ देर बाद सभी की तबीयत बिगड़ गई, और बासी चावल खाने से सभी को उल्टियां और दस्त होने लगे। इसके बाद तुरंत परिवार के अन्य लोगों ने पीड़ितों को देर रात लगभग 3 बजे जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां सभी का उपचार जारी है। अब उनकी हालत सामान्य बताई जा रही है। फिलहाल इस मामले की जांच की जा रही है और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।