दमोह जिले के पथरिया थाना क्षेत्र में आने वाले जखतर गांव के पास बुधवार दोपहर दो बाइक सवार खाई में जा गिरे, जिससे दोनों की मौके पर मौत हो गई। स्थानीय लोगों द्वारा पथरिया अस्पताल भिजवाया गया, जहां डाक्टरों ने भी मृत घोषित कर दिया। मृतक आपस में समधी हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जैरठखेड़ा गांव निवासी मृतक मुन्ना यादव (55) के बेटे शारदा यादव ने बताया कि राहगीरों द्वारा उसे फोन पर जानकारी दी कि उसके पिता और एक अन्य व्यक्ति खाई में घायल हालत में पड़े हैं। जब वो मौके पर पहुंचा, जिसके बाद दोनों घायलों को एक निजी वाहन से पथरिया अस्पताल लेकर आया, जहां डॉक्टर ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। मृतक मुन्ना यादव के बेटे शारदा ने बताया कि उनके पिता और ससुर पन्नू यादव 60 बाइक से पथरिया में बैंक की किस्त जमा करने के लिए बाइक से आए थे।
काम खत्म होने के बाद वापस लौटते समय जगथर गांव के पास सड़क पर बने डिवाइडर से उनकी बाइक टकरा गई और दोनों अनियंत्रित होकर पुलिया से करीब 20 फीट नीचे जाकर गिरे। इस हादसे में पिता और ससुर की मौत हो गई है। सूचना मिलने पर पथरिया पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया और परिजनों के सुपुर्द किया।
रफ्तार में थी बाइक
सड़क हादसे में दो लोगों की मौत को देखने वाले प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया बाइक सवार काफी रफ्तार में थे। पुलिया के समीप बाइक अनियंत्रित हुई और डिवाइडर से टकराने के बाद दोनों उछलकर खाई मे जा गिरे। यदि बाइक की रफ्तार कम होती तो शायद जान बच जाती।