फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

MP Board Result: दमोह के छात्रों का बोर्ड में जलवा, 10वीं के आठ विद्यार्थी मेरिट में, 12वीं में भी दिखा दम

Thu, 16 Apr 2026 12:42 PM IST
दमोह ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, दमोह

मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा घोषित 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा परिणामों में दमोह जिले के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश की प्रावीण्य (मैरिट) सूची में उल्लेखनीय स्थान हासिल किया है। छात्रों की इस उपलब्धि से जिलेभर में खुशी की लहर है और शिक्षा के क्षेत्र में दमोह ने एक बार फिर अपनी मजबूत पहचान दर्ज कराई है।

कक्षा 10वीं की मैरिट सूची में जिले के 8 विद्यार्थियों ने जगह बनाकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। जवेरा की छात्रा सुचित्रा मिश्रा ने 500 में से 493 अंक प्राप्त कर प्रदेश में सातवां स्थान हासिल किया। संस्कार पटेल ने 492 अंक प्राप्त किए, वहीं हिण्डोरिया के शुभम पटेल ने भी 492 अंक अर्जित कर प्रदेश में आठवां स्थान प्राप्त किया। ओजल जैन ने 491 अंक हासिल किए। उत्कृष्ट विद्यालय के छात्र सौरभ अहिरवार ने 490 अंक प्राप्त कर प्रदेश की मेरिट सूची में 10वां स्थान हासिल किया।

ये भी पढ़ें- MP Board Result: मां ने घरों में खाना बनाकर बेटियों को दी उड़ान, 10वीं में दोनों बहनों का शानदार प्रदर्शन

12वीं में भी छात्रों ने लहराया परचम
कक्षा 12वीं की प्रावीण्य सूची में भी दमोह के विद्यार्थियों का दबदबा कायम रहा। गणित संकाय में प्रगति असाटी ने 485 अंक प्राप्त कर 8वां स्थान हासिल किया। कला संकाय की छात्रा निधि कुर्मी ने 484 अंक के साथ छठी रैंक प्राप्त की। वाणिज्य संकाय में छवि अग्रवाल ने 489 अंक अर्जित कर प्रदेश में तृतीय स्थान हासिल किया। बायोलॉजी संकाय में उजमा फातिमा और राजनंदनी लोधी ने 482 अंक प्राप्त कर 10वां स्थान हासिल किया।

परिणाम आते ही खुशी की लहर, स्कूलों में मना जश्न
जैसे ही परीक्षा परिणाम घोषित हुए, जिलेभर में खुशी का माहौल बन गया। स्कूलों में जश्न का माहौल देखने को मिला। छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और अभिभावकों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी। बुधवार दोपहर उत्कृष्ट विद्यालय में विशेष रूप से कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहां जिला शिक्षा अधिकारी एस.के. नेमा सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी पहुंचे। उन्होंने मेरिट में स्थान पाने वाले छात्रों को मिठाई खिलाकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

बेटे की सफलता पर मां की आंखों में आंसू
उत्कृष्ट विद्यालय के छात्र सौरभ अहिरवार के 10वीं में प्रदेश की मेरिट सूची में 10वां स्थान हासिल करने पर एक भावुक दृश्य देखने को मिला।
उनकी मां खुशी से भावुक हो उठीं और बेटे को गले लगाकर चूम लिया। यह दृश्य वहां मौजूद लोगों को भी भावुक कर गया और तालियों के बीच बेटे की सफलता का जश्न मनाया गया।

जिला शिक्षा अधिकारी सहित अन्य अधिकारियों ने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि जिले के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में और भी विद्यार्थियों के नाम मेरिट सूची में शामिल हो सकते हैं।

कलेक्टर ने विद्यार्थियों को बधाई देकर की उज्ज्वल भविष्य की कामनाएं
माध्यमिक शिक्षा मंडल के परीक्षा परिणाम में जिले के 13 विद्यार्थियों ने मैरिट सूची में स्थान प्राप्त कर गौरव बढ़ाया है। हाई स्कूल में 8 और हायर सेकेंडरी में 5 छात्रों ने टॉप-10 में जगह बनाई। कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने सभी सफल विद्यार्थियों को शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

दमोह के छात्रों का बोर्ड परिणामों में जलवा   दमोह के छात्रों का बोर्ड परिणामों में जलवा   दमोह के छात्रों का बोर्ड परिणामों में जलवा  

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें