मध्य प्रदेश के पंचायती मंत्री प्रहलाद पटेल द्वारा दिए गए भिखारी वाले बयान को लेकर बवाल लगातार बढ़ता जा रहा है। बुधवार को दमोह जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मंत्री प्रहलाद पटेल के बयान की निंदा की और उनसे माफी मांगने के बाद के साथ इस्तीफा देने की मांग है।
जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष रतन चंद्र जैन ने कहा कि जब चुनाव आता है तो भाजपा मतदाताओं को भगवान मानती है और सभी दल जनता को भगवान मानते हैं, क्योंकि प्रजातंत्र में मत के द्वारा ही सरकार चुनी जाती है। एक जवाबदार मंत्री ने इस तरह की भाषा का उपयोग कर जो बात कही उसे सभी ने सुना है। जनता के लिए सरकार ही सर्वोपरि है। जनता अपनी समस्या लेकर कहां जाएगी। यदि एक मंत्री के पास लोग अपनी समस्याएं, अपनी व्यथा लेकर जाते हैं तो उसे मध्य प्रदेश सरकार के मंत्री भिखारी कहते हैं। भाजपा सरकार में किसान और युवा सभी परेशान हैं।
अब तो वह लाडली बहनों को, किसानों को, बुजुर्गों को भिखारी कहने लगे। उन्होंने कहा कि प्रहलाद पटेल को माफी मांगनी चाहिए, प्रदेश के मुख्यमंत्री को भी माफी मांगनी चाहिए और प्रहलाद पटेल को पद से हटना चाहिए। इसके अलावा उन्होंने छिंदवाड़ा सांसद बंटी साहू द्वारा पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ को लेकर दिए गए बयान की भी निंदा की है। कांग्रेस जिला अध्यक्ष ने कहा जितनी भाजपा सांसद की उम्र है उतने साल कमलनाथ सांसद रहे हैं। वह देश के बड़े नेता हैं। उनके खिलाफ इस तरह की बात स्वीकार्य नहीं की जाएगी। कांग्रेस जिला अध्यक्ष ने अपने कार्यक्रम के तहत बताया कि वह छह मार्च गुरुवार को ब्लॉक स्तर पर मंत्री प्रहलाद पटेल का पुतला फूंकेंगे। आठ मार्च को दमोह जिला मुख्यालय पर धरना आयोजित होगा और 10 को भोपाल में एक बड़ा आंदोलन होगा।