दमोह शहर में संचालित ऑटो और ई-रिक्शा की पहचान सुनिश्चित करने के लिए यातायात पुलिस ने वाहनों की नंबरिंग प्रक्रिया शुरू कर दी है। अब प्रत्येक ऑटो और ई-रिक्शा को एक विशेष स्टीकर दिया जाएगा, जिससे उनकी पहचान आसानी से हो सकेगी।
बुधवार को यातायात प्रभारी दलबीर सिंह मार्को के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक दर्जन से अधिक ऑटो जब्त कर थाने भेजे। यातायात पुलिस के अनुसार, दमोह शहर में करीब ढाई हजार ऑटो और ई-रिक्शा संचालित हैं, लेकिन उनकी पहचान के लिए कोई ठोस व्यवस्था नहीं थी। ऐसे में किसी भी आपात स्थिति में वाहन और चालक की पहचान मुश्किल हो जाती थी।
ऑटो और ई-रिक्शा के लिए तय किए गए स्टीकर
यातायात प्रभारी मार्को ने बताया कि एसपी श्रुत कीर्ति सोमवंशी के निर्देश पर बीते पंद्रह दिनों से ऑटो चालकों को दस्तावेज जमा करने के लिए कहा जा रहा था, लेकिन ज्यादातर चालकों ने इस निर्देश को नजरअंदाज कर दिया। अब सख्ती दिखाते हुए बिना सत्यापन वाले वाहनों को जब्त किया जा रहा है।
ऑटो के लिए पीला व ई-रिक्शा के लिए हरा स्टीकर
जिस चालक के पास ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन का रजिस्ट्रेशन और पुलिस वेरिफिकेशन होगा, उसे ही यह स्टीकर दिया जाएगा। फिलहाल पुलिस लोगों को समझाइश दे रही है, लेकिन यदि वाहन चालक निर्देशों का पालन नहीं करते हैं तो उनके खिलाफ यातायात नियमों के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के लिए नई योजना
शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू करने के लिए आरटीओ और ट्रैफिक पुलिस ने एक नई योजना बनाई है। इसके तहत बस स्टैंड पर मंदिर के पास ई-रिक्शा खड़े होंगे।
डिपो के पास ऑटो स्टैंड बनाया जाएगा। वहीं, इन निर्धारित स्थानों के अलावा कहीं भी वाहन खड़ा करने पर चालान किया जाएगा। यातायात पुलिस का कहना है कि यदि वाहन चालक इन नियमों का पालन नहीं करते हैं तो उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।