ओरछा रोड थाना क्षेत्र के नौगांव रोड स्थित शांति मैरिज गार्डन में रविवार देर शाम दहेज विवाद के कारण एक शादी समारोह में बड़ा हंगामा हो गया। दहेज की लगातार बढ़ती मांगों से नाराज दुल्हन पक्ष ने जब दूल्हा पक्ष के दबाव को मानने से इंकार किया, तो दूल्हा मंडप से ही वापस लौट गया। इस घटना ने पूरे विवाह समारोह को मातम में बदल दिया।
दहेज मांग ने तोड़ी रिश्ते की डोर
पलेरा थाना क्षेत्र के हिनोता गांव निवासी नीतू कुशवाहा की शादी छतरपुर देरी रोड के गौरव कुशवाहा के साथ तय हुई थी। रविवार शाम शादी की सभी तैयारियां पूरी हो चुकी थीं। दुल्हन मेहंदी रचे हाथों के साथ मंडप में बैठी। रिश्तेदार और मेहमान व्यवस्था में लगे। बारात का स्वागत भी हो चुका था। लेकिन इसी दौरान दूल्हा पक्ष ने दहेज को लेकर नई मांगें रख दीं। दुल्हन पक्ष ने बताया कि वे पहले भी कई बार दहेज की मांग बढ़ा रहे थे, और जब उनकी नई शर्तों को मानने से मना किया गया तो विवाद बढ़ गया।
ये भी पढ़ें- आगरा मुंबई नेशनल हाइवे स्थित खलघाट में जुटने लगे किसान, किसान आंदोलन शुरू, ट्रैफिक किया डायवर्ट
दूल्हा मंडप से ही वापस लौटा
तनाव इतना बढ़ गया कि दूल्हा गौरव कुशवाहा अपने परिजनों के साथ गुस्से में मंडप से ही बिना शादी किए वापस लौट गया। दुल्हन नीतू और उसका परिवार स्तब्ध रह गया। शादी का सपना पल भर में टूट गया।
दुल्हन और परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल
जब दूल्हा पक्ष शादी छोड़कर चला गया तो दुल्हन और उसके परिजन फफक-फफककर रोने लगे। शादी का सजा हुआ मंडप कुछ ही मिनटों में दुख और तनाव का केंद्र बन गया। महिलाएं दुल्हन को संभालती रहीं, वहीं रिश्तेदार दूल्हा पक्ष के व्यवहार को लेकर आक्रोश व्यक्त करते रहे।
ये भी पढ़ें- रायसेन में बड़ा हादसा, पिपरिया रोड पर बना नयागांव पुल भरभरा कर गिरा, एक की मौत, नौ घायल
गुस्से में दुल्हन पक्ष ने हाईवे किया जाम
घटना से नाराज़ दुल्हन पक्ष के लोग और ग्रामीण रात में ही नेशनल हाईवे पर उतर आए और जाम लगा दिया। सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। लोग न्याय और कार्रवाई की मांग करने लगे। दहेज प्रथा के खिलाफ नारेबाजी भी की गई। जाम की खबर लगते ही थोड़ा माहौल तनावपूर्ण हो गया। ओरछा रोड थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और भीड़ को शांत कर जाम खुलवाया। पुलिस ने दुल्हन पक्ष को थाने बुलाकर पूरी घटना की जानकारी ली। साथ ही आश्वासन दिया कि दूल्हा पक्ष पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
दूल्हा पक्ष पर दर्ज होगी FIR
पुलिस ने बताया कि दहेज मांगने, शादी से मुकरने और मानसिक उत्पीड़न के आरोप में दूल्हा गौरव कुशवाहा और उसके परिवार के खिलाफ FIR दर्ज की जाएगी। थाने में दुल्हन पक्ष के बयान दर्ज किए जा चुके हैं।