इकाना स्टेडियम में यूपी टी-20 लीग (सीजन-4) की टिकट लॉन्चिंग का कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के सलाहकार अवनीश अवस्थी ने कहा कि इस बार टूर्नामेंट का आयोजन प्रदेश के दो प्रमुख शहरों लखनऊ और कानपुर में होगा, जो हाल ही में शुरू हुए एक्सप्रेसवे के माध्यम से बेहतर ढंग से जुड़े हैं। उन्होंने कहा कि क्रिकेट उत्तर प्रदेश ही नहीं, पूरे देश की पहचान बन चुका है और यह खेल लोगों की भावनाओं से जुड़ा है। कार्यक्रम में यूपी क्रिकेट बोर्ड (UPCA) के पदाधिकारी संजय कपूर, उदय सिन्हा, प्रेम मनोहर गुप्ता, सचिन शुक्ला सहित कई बोर्ड सदस्य और खिलाड़ी मौजूद रहे। अवनीश अवस्थी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला के मार्गदर्शन की सराहना करते हुए टोक्यो ओलंपिक पदक विजेताओं को इकाना स्टेडियम में 57 करोड़ रुपये की सम्मान राशि दिए जाने के ऐतिहासिक अवसर को भी याद किया। उन्होंने कहा कि यूपी टी-20 लीग प्रदेश की युवा प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने का सशक्त मंच बन चुकी है।