माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से संचालित स्कूल-कॉलेजों के शैक्षिक सत्र 2026-27 के विद्यार्थियों के लिए सस्ती दरों पर एनसीईआरटी की किताबें बृहस्पतिवार से मिलनी शुरू हो गईं। परिषद के सचिव भगवती सिंह के निर्देश पर राजधानी के चार कॉलेजों में अलग-अलग तिथियों में स्टॉल लगाए जाने की पहल हुई है। पहले दिन बृहस्पतिवार को राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, शाहमीना रोड पर किताबों की बिक्री की गई। यहां शुक्रवार को भी किताबों का वितरण किया जाएगा। चाचा प्रिंटर्स एंड पब्लिशर्स की प्रतिनिधि कल्पना अग्रवाल ने बताया की पहले दिन बरसात के बीच करीब 100 बच्चों ने किताबें ली हैं। यहां कक्षा नौ की किताबों का सेट 380 रुपये, कक्षा 10 की किताबों का सेट 393 रुपये, कक्षा 11 का सेट 455 रुपये और कक्षा 12 का सेट 525 रुपये का है। कक्षा 11 व 12 की किताबों में विषयवार कुछ दामों में अंतर हो सकता है। जबकि यही किताबों का सेट निजी प्रकाशकों के पांच से छह हजार का मिलता है। इन स्टॉलों पर बोर्ड की ओर से निर्धारित प्रकाशकों की किताबें मिल रहीं । इनमें पायनियर प्रिंटर्स एंड पब्लिशर्स, सिकंदरा आगरा, सिंघल एजेंसीज पब्लिशर्स एंड डिस्ट्रीब्यूटर और पीतांबरा बुक्स प्राइवेट लिमिटेड शामिल हैं। स्टॉलों से कक्षा नौ, 10, 11 और 12 के विद्यार्थी किताबें ले सकेंगे।