पुलिस ने धर्म परिवर्तन के लिए प्रलोभन और दबाव बनाने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी बीमारी के इलाज, संतान प्राप्ति, आर्थिक सहायता और विवाह का लालच देकर लोगों को धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित करते थे। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। पुलिस के मुताबिक भरसवा गांव निवासी अमित कुमार ने बृहस्पतिवार को तहरीर देकर आरोप लगाया था कि गांव के चन्द्रभान, उसकी पत्नी आरती, सीमा, डेनियल, उसकी पत्नी सुबला, शीला और अजय रावत लगातार चर्च चलने का दबाव बनाते थे। उनका कहना था कि धर्म परिवर्तन करने पर संतान की प्राप्ति होगी। विरोध करने पर आरोपियों ने धमकी भी दी। शिकायत के आधार पर मोहनलालगंज थाने में उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम की धाराओं के साथ बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।