गुडंबा पुलिस ने 19 वर्षीय युवती से दुष्कर्म और धमकी देने के मामले में नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। आरोपी पर युवती को जबरन घर ले जाकर उसकी इच्छा के विरुद्ध दुष्कर्म करने और घटना किसी को बताने पर बदनाम करने की धमकी देने का आरोप है। पुलिस के अनुसार, थाना क्षेत्र की रहने वाली 19 वर्षीय युवती 21 जुलाई की रात करीब 10 बजे अपने घर लौट रही थी। आरोप है कि इसी दौरान अनस नामक युवक उसे जबरन अपने घर ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद आरोपी ने पीड़िता को किसी से शिकायत करने पर बदनाम करने की धमकी दी। डरी-सहमी युवती ने घर पहुंचकर परिजनों को पूरी घटना बताई। इसके बाद परिजन उसे लेकर गुडंबा थाने पहुंचे और तहरीर दी। इंस्पेक्टर गुडंबा अंजनी कुमार मिश्रा ने बताया कि नामजद आरोपी अनस शादीशुदा है। बृहस्पतिवार को उसे थाने के सामने से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।