शंकरपुरवा प्रथम वार्ड में कुर्सी रोड से जाहिरपुर जाने वाले मार्ग से जुड़े मोहल्ले के लोग वर्षों से बदहाल सड़क की समस्या झेल रहे हैं। सीवर लाइन बिछने के करीब एक वर्ष बाद भी सड़क का निर्माण नहीं कराया गया है। ऐसे में बरसात के मौसम में पूरा रास्ता कीचड़ से भर जाता है और लोगों का आवागमन मुश्किल हो जाता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मोहल्ले के छोटे-छोटे बच्चों को रोजाना इसी कीचड़ भरे रास्ते से होकर स्कूल जाना पड़ता है। वहीं बुजुर्गों और महिलाओं को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। यदि किसी की तबीयत अचानक बिगड़ जाए तो एंबुलेंस का घर तक पहुंचना भी चुनौती बन जाता है। क्षेत्रवासियों के मुताबिक करीब एक वर्ष पहले इस मार्ग पर सीवर लाइन डालने का कार्य पूरा हो गया था। इसके बाद मुख्य मार्ग से आगे लोगों के घरों के सामने तक सीमेंटेड आरसीसी सड़क का निर्माण करा दिया गया, लेकिन मोहल्ले के अंदर जाने वाला हिस्सा आज भी कच्चा पड़ा है। इससे लोगों में नाराजगी है। निवासियों का कहना है कि कई बार संबंधित विभाग और जनप्रतिनिधियों से सड़क निर्माण की मांग की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। बरसात में स्थिति और भी खराब हो जाती है, जिससे रोजमर्रा का जीवन प्रभावित हो रहा है। क्षेत्रवासियों ने नगर निगम और संबंधित अधिकारियों से मांग की है कि मोहल्ले की सड़क का शीघ्र निर्माण कराया जाए, ताकि लोगों को आवागमन में सुविधा मिल सके और बरसात के दौरान होने वाली परेशानियों से राहत मिल सके।