फैजुल्लागंज के लोहरा मऊ कॉलोनी में सड़क की स्थिति सुधारने के लिए स्थानीय लोग अपने निजी खर्च से मलबा डलवा रहे हैं। लोगों का कहना है कि सड़कों पर आवागमन सुगम बनाने के लिए उन्हें खुद ही यह कदम उठाना पड़ रहा है। स्थानीय निवासियों के मुताबिक, अब तक करीब 15 ट्रॉली मलबा डलवाया जा चुका है, जबकि 10 ट्रॉली और मलबे की जरूरत है। कॉलोनीवासियों ने बताया कि एक ट्रॉली मलबा डलवाने में करीब 1,000 से 1,200 रुपये तक खर्च हो रहे हैं। ऐसे में सड़क को चलने लायक बनाने के लिए उन्हें अपनी जेब से हजारों रुपये खर्च करने पड़ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि वे कई बार अपनी समस्या अधिकारियों के सामने रख चुके हैं, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं हुआ। मजबूरी में कॉलोनीवासी खुद ही सड़क पर मलबा डलवाकर उसे बराबर करा रहे हैं, ताकि लोगों को आने-जाने में परेशानी न हो।