मडियाव थाना क्षेत्र में सीतापुर रोड स्थित चंद्र हॉस्पिटल के सामने सर्विस लेन पर पिछले दो महीनों से जलभराव की समस्या बनी हुई है। पानी निकासी की समुचित व्यवस्था न होने के कारण सड़क पर गंदा पानी जमा रहता है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जलभराव के कारण सड़क फिसलन भरी हो गई है और आए दिन बाइक सवार हादसे का शिकार हो रहे हैं। कई बार जिम्मेदार अधिकारियों को समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। क्षेत्रवासियों ने जल्द से जल्द जलनिकासी व्यवस्था दुरुस्त कराने और सड़क को सुरक्षित बनाने की मांग की है, ताकि हादसों पर रोक लग सके।