लखनऊ के हिंदी संस्थान स्थित प्रेमचंद सभागार में बुधवार को 'कथा रंग फाउंडेशन' की ओर से प्रेमचंद जयंती के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि एवं साहित्यकार डॉ. राम बहादुर मिश्र ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि कथा साहित्य गद्य की सबसे लोकप्रिय विधा है और यह समाज को नई दिशा देने का माध्यम भी है। उन्होंने कहा कि कथा रंग फाउंडेशन ने कम समय में अपनी अलग पहचान बनाई है और बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रस्तुत करने के लिए उत्कृष्ट मंच उपलब्ध करा रहा है। कार्यक्रम में गोमतीनगर उजरियांव प्राथमिक विद्यालय के छात्र-छात्राओं शिफा, मरियम और रेहान ने प्रभावशाली अंदाज में कहानियां प्रस्तुत कीं। बच्चों की प्रस्तुति को उपस्थित साहित्यकारों और दर्शकों ने खूब सराहा। आयोजन का उद्देश्य बच्चों में साहित्य, पठन-पाठन और कहानी कहने की कला के प्रति रुचि विकसित करना तथा मुंशी प्रेमचंद के साहित्यिक योगदान से नई पीढ़ी को परिचित कराना रहा।