दुबग्गा स्थित मुन्ना लाल खेड़ा में रविवार को परिसर में बने राज्य संरक्षित स्मारक बड़ा शिवाला श्री सिद्धनाथ मंदिर में महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी विशाल मेला, रामायण पाठ, जवाबी कीर्तन और भंडारे का भव्य आयोजन किया गया। सुबह से ही मंदिर परिसर में भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं और पूरा वातावरण ‘हर हर महादेव’ के जयघोष से गुंजायमान रहा।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री कौशल किशोर ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर क्षेत्रवासियों को महाशिवरात्रि की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने मंदिर के विकास कार्यों में निरंतर सहयोग और समर्थन का भरोसा भी दिलाया।इस अवसर पर मंदिर सेवा समिति ट्रस्ट की ओर से अतिथियों को मंदिर की प्रतिमा भेंट कर सम्मानित किया गया। आयोजन में ट्रस्ट के अध्यक्ष महेश विश्वकर्मा सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी, समर्थक और क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। भंडारे में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।