नगर निगम जोन-3 की टीम ने सोमवार को कुर्सी रोड स्थित टेढ़ी पुलिया से सरगम अपार्टमेंट तक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। अभियान के दौरान सड़क और फुटपाथ पर किए गए अवैध कब्जों को हटाया गया। कार्रवाई में 25 दुकानदारों के चालान किए गए और कुल 15 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। साथ ही अतिक्रमण में इस्तेमाल हो रहा एक ट्रक सामान भी जब्त किया गया। अतिक्रमण प्रभारी राजीव शर्मा ने बताया कि सार्वजनिक मार्ग और फुटपाथ पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ नियमित अभियान चलाया जा रहा है। सोमवार की कार्रवाई के दौरान कई अस्थायी अतिक्रमण हटाए गए और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर जुर्माना लगाया गया। कार्रवाई के दौरान कुछ दुकानदारों ने नगर निगम की टीम का विरोध भी किया और नाराजगी जताई। हालांकि पुलिस बल की मौजूदगी में अभियान बिना किसी बाधा के पूरा कराया गया। नगर निगम अधिकारियों ने कहा कि शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।