मड़ियांव पुलिस ने सुबेहा, बाराबंकी में तैनात बिजली विभाग के अवर अभियंता अश्वनी कुमार वर्मा से लूट करने वाले ई-रिक्शा चालक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं, उसके दो नाबालिग साथियों को बाल सुधार गृह भेजा गया है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने मड़ियांव क्षेत्र में तीन लूट की वारदातों को अंजाम दिया था। इंस्पेक्टर शिवानंद मिश्रा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान फैजुल्लागंज के हरिओम नगर निवासी सुमित शर्मा के रूप में हुई है। वह रात के समय ई-रिक्शा चलाता था। उसके दो नाबालिग साथी सवारी बनकर पहले से रिक्शे में बैठे रहते थे। जैसे ही कोई अकेला यात्री ई-रिक्शा में बैठता, आरोपी उसे सुनसान स्थान पर ले जाकर लूट की वारदात को अंजाम देते थे। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूट के दो मोबाइल फोन, 3,100 रुपये नकद तथा वारदात में इस्तेमाल ई-रिक्शा बरामद किया है। पूछताछ में आरोपियों ने मड़ियांव क्षेत्र में तीन लूट की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।