गणित में किसी भी सवाल का फार्मूला समझेंगे तो कठिन से कठिन सवाल हल करने में आसनी होगी। ये संदेश कक्षा पांच से 12 तक के बच्चों ने गणित मेले में अपने टीएलम प्रस्तुति के साथ दिया। शुक्रवार को भारतीय गणितज्ञ श्रीनिवास रामानुजन की जयंती के मौके पर अलीगंज सेक्टर क्यू स्थित विद्या भारती माध्यमिक विद्यालय में आयोजित मेले के दौरान बच्चों ने अपनी-अलग मॉड्यूल के माध्यम से गणित के फार्मूलों को समझाने का प्रयास किया। जिसमें ज्यामिति क्षेत्रफल, परिमाप, बीजगणित और त्रिकोणमिति वर्ग का क्षेत्रफल वहीं समय और रफ्तार को नापने का फार्मूला बताया गया। मेले में वैदिक काल के गुरु भास्कराचार्य ,आर्यभट्ट, शकुंतला देवी ,मंजुल भार्गव, डी. आर कापेटकर, ब्रह्मगुप्त, वराह मिहिर ,आर. सीबोस और सीआर. राव के भेष में दिखे बच्चे आकर्षण का केंद्र बने रहे। मेले की खास बात ये थी कि हर कक्षा से जुड़े गणित मॉडल प्रस्तुत किए जो बच्चों को गणित समझने में सहयोग करेंगे। इससे पहले मेले की शुरुआत विद्या भारती पूर्वी क्षेत्र के संगठन मंत्री हेमचंद्र व प्रदेश निरीक्षक राम जी सिंह ने इसकी शुरुआत की। इस मौके पर प्रधानाचार्य संतोष कुमार सिंह व शिक्षक मौजूद रहे।