लखनऊ के मैक्स सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल में एंड स्टेज लिवर डिजीज और हेपेटाइटिस-बी से पीड़ित बाराबंकी निवासी 36 वर्षीय अबरार का सफल लिविंग डोनर लिवर ट्रांसप्लांट किया गया। मरीज की बहन ने अपने लिवर का 53 प्रतिशत हिस्सा दान कर भाई को नई जिंदगी दी। अब डोनर और मरीज दोनों स्वस्थ हैं। अस्पताल के अनुसार, अबरार गंभीर पोर्टल हाइपरटेंशन से पीड़ित थे और उनकी स्थिति लगातार बिगड़ रही थी। लिवर ट्रांसप्लांट सर्जरी विभाग के निदेशक डॉ. वलीउल्लाह सिद्दीकी के नेतृत्व में विशेषज्ञ टीम ने सफलतापूर्वक सर्जरी की। अस्पताल ने बताया कि समय पर ट्रांसप्लांट होने से मरीज की जान बचाई जा सकी। विश्व हेपेटाइटिस दिवस के अवसर पर डॉक्टरों ने लोगों से हेपेटाइटिस-बी की समय पर जांच, टीकाकरण और शुरुआती इलाज कराने की अपील की। उनका कहना है कि समय रहते पहचान और उपचार से गंभीर जटिलताओं से बचा जा सकता है।