अयोध्या रोड स्थित सुषमा हॉस्पिटल के सामने कार सवार शैलेन्द्र यादव ने मारपीट कर चेन छीनने की सूचना पुलिस को दी। शैलेन्द्र के मुताबिक, वह परिवार के साथ सीतापुर जा रहे थे। इसी दौरान तीन बाइकों पर सवार सात लोगों ने उनकी कार में टक्कर मार दी। आरोप है कि कार से उतरते ही उनके साथ मारपीट की गई और चेन छीनकर आरोपी फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और आसपास के दुकानदारों से पूछताछ की। इसके बाद पुलिस शैलेन्द्र यादव को पूछताछ के लिए चौकी ले गई। पुलिस को मामला संदिग्ध लगने के चलते सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। फिलहाल, मारपीट और चेन छीनने के आरोपों की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना की सच्चाई का पता लगाने में जुटी है।