लखनऊ के आशियाना रेजीडेंट्स एसोसिएशन के तत्वधान में आशियाना कॉलोनी के 18 वर्ष तक के बच्चों के सर्वांगीण विकास, नैतिक मूल्यों के संवर्धन एवं व्यक्तित्व निर्माण के उद्देश्य से अटल सेवा केंद्र, सेक्टर- "के" आशियाना कॉलोनी, लखनऊ, में प्रत्येक रविवार को प्रातः 8:00 बजे से 9:00 बजे तक अटल ज्ञानशाला का आयोजन किया जा रहा है। इस ज्ञानशाला में समाज के विद्वान अनुभवी वक्ता एवं प्रबुद्धजन बच्चों को प्रेरणादायक विचारों, ज्ञानवर्धक विषयों तथा उत्तम संस्कारों से मार्गदर्शित कर रहे हैं, जिससे उनमें आत्मविश्वास, अनुशासन, नैतिकता एवं सामाजिक चेतना का विकास हो। इस ज्ञानशाला की कड़ी में आज अटल सेवा केंद्र में लगभग 50 बच्चों ने भाग लिया। बच्चों को संजीव विश्वकर्मा, जो आई आई टी, कानपुर के एलुमनाई हैं एवं सूचना प्रौद्योगिकी और साइबर सिक्योरिटी के क्षेत्र में दो दशक का अनुभव रखते हैं, ने तेजी से बदलते परिवेश में सूचना तकनीकी, कृत्रिम बौद्धिकता ( AI ) का समाज, खासतौर पर बच्चों पर उसका प्रभाव दुष्प्रभाव आदि की जानकारी दी।