हौसलों में उड़ान हो तो रास्ते की दूरियां छोटी पड़ जाती हैं। बिहार के जहानाबाद के रहने वाले दो दोस्त, अभय कुमार और अमित सोनी, अपने सपनों को 'पहियों' (स्केटिंग) के दम पर पूरा कर रहे हैं। लो-बजट और ऊंचे इरादों के साथ यह जोड़ी स्केटिंग करते हुए चार धाम यात्रा पर निकली है। 365 दिन का है लक्ष्य... इन युवाओं का लक्ष्य एक साल (365 दिन) की निरंतर यात्रा करना है। अब तक वे 110 दिनों का सफर तय कर चुके हैं, इसमें उन्होंने बिहार, यूपी, बंगाल, झारखंड, ओडिशा और कोलकाता के रास्तों को अपनी स्केटिंग से मापा है। सोमवार को लखनऊ पहुंचे, अभी 165 दिनों की यात्रा और बची है, जिसका अंतिम पड़ाव उत्तराखंड की वादियां हैं। पब्लिक सपोर्ट और संघर्ष का सफर... इससे पहले भी ये जांबाज जहानाबाद से केदारनाथ की दूरी मात्र 13 दिनों में तय कर चुके हैं। बरेली, मुरादाबाद और हरिद्वार जैसे शहरों से गुजरते हुए वे बाबा केदार के दर पहुंचे थे। खास बात यह है कि संसाधनों की कमी के बावजूद वे पेट्रोल पंपों, मंदिरों और ढाबों पर विश्राम करते हैं। अमित ने बताया कि उन्हें जनता का समर्थन मिल रहा है, जिससे उनका हौसला और भी बढ़ता जा रहा है।