जैंती खेड़ा उपकेंद्र अंतर्गत चन्द्रावल फीडर के नटकुर मजरा गहीलर में बीती रात आई तेज आंधी और तूफान ने बिजली व्यवस्था की पोल खोल दी। तेज हवा के चलते एबीसी लाइन पोल से टूटकर जमीन पर गिर गई, जिसके बाद गांव के एक दर्जन से अधिक घरों की विद्युत सप्लाई ठप हो गई। हालात यह हैं कि बीती रात करीब 9 बजे से गुल हुई बिजली 19 घंटे बाद भी बहाल नहीं हो सकी। भीषण गर्मी में ग्रामीणों का जीना मुहाल हो गया है। घरों में पंखे, कूलर और अन्य उपकरण बंद पड़े हैं, जबकि बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं उमस भरी गर्मी से बेहाल हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद बिजली विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचे। जमीन पर पड़ी एबीसी लाइन से हादसे का खतरा भी बना हुआ है, लेकिन विभाग पूरी तरह बेपरवाह नजर आ रहा है। लगातार बिजली संकट से नाराज ग्रामीणों में भारी आक्रोश है।