लखनऊ में स्त्री रोग सर्जरी के क्षेत्र में अमेरिका के जाने-माने रोबोटिक सर्जन डॉ. डेविन एम. गार्ज़ा ने अस्पताल का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल की रोबोटिक सर्जन और निदेशक, स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग, डॉ. नीलम विनय के साथ मिलकर रोबोटिक सर्जरी के नए आयामों और तकनीकों पर चर्चा की। यह दौरा महिलाओं के इलाज में आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। डॉ. नीलम विनय ने बताया कि रोबोटिक सर्जरी ने स्त्री रोग से जुड़ी जटिल सर्जरी को अधिक सुरक्षित और सटीक बना दिया है। उन्होंने कहा कि पारंपरिक ओपन सर्जरी और लेप्रोस्कोपी के मुकाबले रोबोटिक सर्जरी में दर्द कम होता है, खून का बहाव कम होता है और मरीज तेजी से ठीक होकर सामान्य जीवन में लौट पाते हैं। अपने दौरे के दौरान डॉ. गार्ज़ा ने लाइव रोबोटिक सर्जरी देखी, सर्जिकल टीम के साथ बातचीत की और जटिल मामलों में अपनाई जाने वाली एडवांस्ड तकनीकों पर विस्तार से चर्चा की।