लखनऊ में जानकीपुरम की 60 फुटा रोड पर शुक्रवार शाम निकली तिरंगा यात्रा के बाद मामा चौराहे पर सड़क पर गंदगी फैल गई। जानकीपुरम प्रथम के पार्षद दीपक लोधी के नेतृत्व में मुलायम तिराहे से शुरू हुई तिरंगा यात्रा 60 फुटा रोड होते हुए मामा चौराहे पर पहुंचकर समाप्त हुई। यहां यात्रा में शामिल लोगों को समोसा और छाछ वितरित की गई। छाछ पीने के बाद लोगों ने पॉलिथीन के पैकेट सड़क पर ही फेंक दिए। देखते ही देखते चौराहे पर जगह-जगह पॉलिथीन के पैकेट बिखर गए। इससे सड़क गंदी हो गई। स्थानीय लोगों ने तिरंगा यात्रा के बाद इस तरह सार्वजनिक स्थान पर कूड़ा फैलाने पर नाराजगी जताई। लोगों का कहना था कि देशभक्ति के आयोजन के साथ शहर को स्वच्छ रखने की जिम्मेदारी भी सभी की है। आयोजकों को कार्यक्रम के बाद सफाई की व्यवस्था करनी चाहिए थी।