राजधानी लखनऊ में दुबग्गा के रायपुर गांव में रविवार दोपहर गैस सिलिंडर में लीकेज के कारण लगी आग से एक मजदूर की पूरी गृहस्थी जलकर राख हो गई। हालांकि ग्रामीणों की तत्परता और सूझबूझ से जलते सिलिंडर को भीगे कपड़े की मदद से बुझाकर कमरे से बाहर निकाल दिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। ग्रामीणों ने करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। रायपुर दशहरी निवासी गुड्डू गौतम पेंटिंग का काम करते हैं। वह रविवार दोपहर काकोरी के दुर्गागंज स्थित इंडियन गैस एजेंसी से नया गैस सिलिंडर लेकर आए थे। दोपहर करीब दो बजे जब उन्होंने खाना गर्म करने के लिए माचिस जलाकर गैस चूल्हा जलाने का प्रयास किया, तभी गैस लीकेज के कारण सिलिंडर में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने कमरे में रखे कपड़े, अलमारी और अन्य घरेलू सामान को अपनी चपेट में ले लिया। आग लगते ही गुड्डू ने पत्नी और बच्चों के साथ किसी तरह बाहर निकलकर शोर मचाया। आवाज सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने सबसे पहले जलते सिलिंडर की आग बुझाकर उसे कमरे से बाहर निकाला। इससे सिलिंडर फटने की आशंका टल गई। इसके बाद ग्रामीणों ने करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद घर में लगी आग पर काबू पाया। आग से कमरे में रखी अलमारी, फ्रिज, दो पंखे, कपड़े और करीब छह हजार रुपये की नकदी जलकर राख हो गई। सूचना पर पीआरवी पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आग बुझ चुकी थी। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि मनोज यादव की सूचना पर पहुंचे लेखपाल कुलदीप ने नुकसान का आकलन कर पीड़ित को मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया। दुबग्गा इंस्पेक्टर श्रीकांत राय ने बताया कि आग लगने की उन्हें कोई सूचना प्राप्त नहीं हुई है।