लखनऊ में जानकीपुरम सेक्टर-सी में शनिवार दोपहर बेकरी संचालक दुर्गेश कुमार (30) ने कमरे में पंखे के सहारे दुपट्टे से फंदा लगाकर जान दे दी। सूचना पर विकास नगर पुलिस मौके पर पहुंची। मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मोबाइल कब्जे में लिया है। चौकी प्रभारी सब्जी मंडी जितेंद्र कुमार सिंह के मुताबिक, जानकीपुरम सेक्टर-सी स्थित डीएसई-775 के तीसरे तल पर दो कमरे हैं। एक कमरे में बाराबंकी के बाकरपुर, घूंघटेर निवासी दुर्गेश कुमार (30) व दूसरे कमरे में सुबेहा, बाराबंकी निवासी हरिशरण पत्नी बच्चों के साथ किराये पर रहते हैं। दुर्गेश की त्रिवेणी नगर में बेकरी की दुकान है। करीब दो माह से उनका भांजा प्रियांशु भी उनके साथ रह रहा था। प्रियांशु ने पुलिस को बताया कि शनिवार सुबह वह दुकान चला गया था, जबकि दुर्गेश जरूरी काम होने की बात कहकर कमरे पर ही रुक गए थे। दोपहर करीब एक बजे हरिशरण घर पहुंचे। काफी देर तक आवाज देने के बावजूद जब दरवाजा नहीं खुला तो उन्होंने खिड़की से झांककर देखा। अंदर दुर्गेश का शव फंदे से लटका मिला। इसके बाद पुलिस और परिजनों को सूचना दी गई। पुलिस के अनुसार दुर्गेश का विवाह दो वर्ष पहले हुआ था। थाना प्रभारी आलोक कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। मृतक के मोबाइल की जांच की जा रही है। परिजनों की ओर से तहरीर मिलने पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।