आउटर रिंग रोड पर बख्शी का तालाब क्षेत्र में मामपुर बाना गांव के पास सोमवार शाम करीब छह बजे फॉर्मेल्डिहाइड केमिकल से भरा टैंकर पलटने के बाद हुए रिसाव को नियंत्रित करने और टैंकर हटाने के लिए करीब 12 घंटे तक रेस्क्यू अभियान चलाया गया। प्रभावित क्षेत्र को मिट्टी डालकर ढक दिया गया है। अब इस मिट्टी को कानपुर भेजा जाएगा। बख्शी का तालाब के इंस्पेक्टर संजय सिंह ने बताया कि टैंकर से केमिकल पूरी तरह बाहर निकल गया था। इसके बाद प्रभावित जगह पर मिट्टी डालकर उसे कवर करने और टैंकर हटाने का काम किया गया। यह अभियान मंगलवार सुबह करीब छह बजे तक चला। ढाई किलोमीटर क्षेत्र में यातायात बंद केमिकल रिसाव के बाद सुरक्षा के मद्देनजर आउटर रिंग रोड पर बख्शी का तालाब से अयोध्या की ओर जाने वाली मुख्य लेन और सर्विस लेन को करीब ढाई किलोमीटर के क्षेत्र में बंद रखा गया है। मिट्टी हटाए जाने तक यातायात प्रतिबंधित रहेगा। मौके पर पुलिस और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की टीमें मौजूद हैं। लोगों को केमिकल प्रभावित क्षेत्र से दूर रखा जा रहा है।