अलीगंज अग्निकांड में कार्रवाई के तहत लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) द्वारा हादसे वाली इमारत का ध्वस्तीकरण जारी है। सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन ने भवन से सटे मकानों में रहने वाले लोगों को एहतियातन बाहर निकलवा दिया है, ताकि ध्वस्तीकरण के दौरान किसी प्रकार की जनहानि न हो। ध्वस्तीकरण के दौरान आसपास के कुछ मकानों में दरारें आने की शिकायत पर स्थानीय लोगों ने एलडीए के इंजीनियरों को मौके पर बुलाकर स्थिति दिखाई। अधिकारियों ने भवनों का निरीक्षण किया और आवश्यक सुरक्षा उपायों का आश्वासन दिया। मौके पर भारी पुलिस बल, पीएसी और एलडीए के अधिकारी तैनात हैं। सुरक्षा व्यवस्था के तहत ध्वस्तीकरण स्थल की ओर जाने वाले मार्ग को दोनों तरफ से बैरिकेडिंग कर बंद कर दिया गया है, जिससे यातायात को वैकल्पिक मार्गों से डायवर्ट किया जा रहा है। प्रशासन की निगरानी में भवन को चरणबद्ध तरीके से गिराने का कार्य जारी है।