ललितपुर के कोतवाली तालबेहट क्षेत्र में बुधवार को हाईवे-44 पर ग्राम टेकरी के पास एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। हाईवे पर खड़े ट्रक के पीछे से छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव की कार टकरा गई। हादसे में किरण सिंह देव और उनका चालक घायल हो गए। सूचना मिलते ही कोतवाली तालबेहट पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, तालबेहट पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने किरण सिंह देव की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज, झांसी रेफर कर दिया। फिलहाल किरण सिंह देव का उपचार झांसी मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार हादसे में उनके कूल्हे (हिप) में चोट आई है। उनकी हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है। चालक का भी उपचार कराया जा रहा है। कोतवाली तालबेहट प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार वर्मा ने बताया कि छत्तीसगढ़ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष की कार हाईवे-44 पर खड़े ट्रक के पीछे से टकराई थी। हादसे के समय कार झांसी से सागर की ओर जा रही थी। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।