मऊरानीपुर। नकली दवाओं के कारोबार की सूचना पर बुधवार दोपहर औषधि प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने नगर के नई बस्ती मोहल्ले स्थित एक मकान में छापेमारी की। करीब दो घंटे तक चली सघन जांच के बाद मौके से कोई भी नकली या अवैध दवा बरामद नहीं हुई। जांच में दवाओं से संबंधित दस्तावेज और बिल सही पाए गए। बिना लाइसेंस दवा कारोबार एवं अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के अभियान के तहत ड्रग इंस्पेक्टर राहुल कुमार (झांसी), रेखा सचान (हमीरपुर) और विनय मिश्रा (ललितपुर) की संयुक्त टीम स्थानीय पुलिस के साथ मौके पर पहुंची। टीम ने मकान में रखी दवाओं और संबंधित अभिलेखों की बारीकी से जांच की। जांच के दौरान वहां मौजूद नितेश नायक ने स्वयं को ग्लेनमार्क कंपनी का मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव (एमआर) बताया। मौके पर फिजिशियन सैंपल भी मिले। अधिकारियों ने बताया कि नियमानुसार मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव को फिजिशियन सैंपल रखने की अनुमति होती है। जांच में दवाओं के बिल और कंपनी से संबंधित दस्तावेज भी वैध पाए गए। औषधि प्रशासन की टीम ने नितेश नायक से कंपनी का अप्वाइंटमेंट लेटर और अन्य आवश्यक अभिलेख भी प्रस्तुत करने को कहा है।