पंचायत माड़ी नाला के वार्ड नंबर तीन में खेतों तक जाने वाला ट्रैक्टर रोड क्षतिग्रस्त होने से स्थानीय ग्रामीणों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क के खराब होने के कारण उन्हें अपनी जमीन की बुआई करने में दिक्कत आ रही है। इस समस्या को लेकर गांव के लोगों ने ब्लॉक कार्यालय में लिखित शिकायत भी दी है व सड़क को जल्द से जल्द ठीक करवाने की मांग की है। ग्रामीणों का आरोप है कि इस सड़क के निर्माण के लिए पहले ही पैसे स्वीकृत हो चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद काम नहीं करवाया गया। क्षेत्रवासी पूर्व पंच मोहिंदर लाल शर्मा व अजय शर्मा ने कहना है कि यह काम राजनीतिक खींचतान का शिकार हो गया है, जिसके कारण लंबे समय से सड़क की मरम्मत नहीं हो पाई। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि मामले की जांच कर जल्द से जल्द ट्रैक्टर रोड को ठीक करवाया जाए, ताकि किसान समय पर अपनी जमीन की बुआई कर सके।