संसद के मॉनसून सत्र की शुरुआत सोमवार को भारी हंगामे के साथ हुई। जैसे ही सुबह 11 बजे राष्ट्रगान के बाद लोकसभा की कार्यवाही शुरू हुई, विपक्षी सांसदों ने जोरदार नारेबाजी शुरू कर दी। शोर-शराबे के बीच लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सभी सांसदों से सहयोग की अपील की और कहा कि “सदन चलाना सभी की जिम्मेदारी है।”
उन्होंने यह भी कहा कि देश में जो घटनाएं हुई हैं, उस पर चर्चा की जा सकती है लेकिन उसके लिए नियमों के तहत प्रश्नकाल में नोटिस दें। इस दौरान विशेष रूप से समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव पर स्पीकर ने नाराजगी जताई।
ओम बिरला ने साफ शब्दों में कहा, “अखिलेश जी, सभी सदस्यों से कहिए कि तख्तियां लेकर न आएं। प्रश्नकाल के बाद हर विषय पर चर्चा का मौका मिलेगा।” इसके बावजूद विपक्षी सांसद लगातार शोर मचाते रहे।
हंगामे के बीच स्पीकर की कई बार की अपील भी असर नहीं दिखा पाई। कार्यवाही बार-बार बाधित होती रही और आखिरकार 12 बजे तक के लिए स्थगित करनी पड़ी।
इस पूरे घटनाक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी लोकसभा में मौजूद थे। सत्र की शुरुआत से पहले सभी की उम्मीद थी कि सरकार और विपक्ष मिलकर अहम मुद्दों पर चर्चा करेंगे, लेकिन पहले ही दिन का यह दृश्य सत्र की चुनौतीपूर्ण राह को दिखा गया।
संसद के मानसून सत्र से पहले पीएम मोदी ने कहा कि यह मानसून सत्र देश के लिए बेहद गौरवपूर्ण है। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर भारत के कदम रखने और ऑपरेशन सिंदूर में उसके पराक्रम का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि इस दशक में शांति और प्रगति देखी गई, लाल गलियारा अब हरित विकास क्षेत्र में बदल रहा है। 2014 से पहले मुद्रास्फीति दर दहाई अंक में हुआ करती थी, अब यह लगभग दो प्रतिशत है। मुद्रास्फीति कम है और विकास दर ऊंची है। प्रधानमंत्री मोदी ने बहुदलीय प्रतिनिधिमंडल के सांसदों और उनकी पार्टियों के विदेश दौरे की सराहना की और कहा कि उन्होंने सकारात्मक माहौल बनाया। प्रधानमंत्री मोदी ने सशस्त्र बलों के पराक्रम का बखान करते हुए सांसदों और विभिन्न राजनीतिक दलों से एकता का संदेश देने की अपील की।