उत्तर भारत इन दिनों भीषण गर्मी और तेज लू की मार झेल रहा है। नौतपा के दौरान पड़ रही प्रचंड गर्मी ने लोगों का घर से बाहर निकलना मुश्किल कर दिया है। आसमान से बरसती आग और गर्म हवाओं ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। सुबह होते ही तेज धूप और गर्म हवाओं का असर शुरू हो जा रहा है। राजस्थान से लेकर उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा और मध्य प्रदेश तक कई राज्यों में तापमान 45 डिग्री के पार पहुंच चुका है। राजस्थान के श्रीगंगानगर में बुधवार को देश का सबसे अधिक तापमान 48.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि यूपी का बांदा 47.8 डिग्री के साथ दूसरे स्थान पर रहा। मौसम विभाग ने हालांकि आने वाले दिनों में राहत की उम्मीद जताई है। नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से कई राज्यों में बारिश, तेज हवाएं और तापमान में गिरावट की संभावना बनी है...