फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Weather Forecast 24 June 2025: देखिए क्या है आपके यहां मौसम का हाल

वीडियो डेस्क, अमर उजाला डॉट कॉम Updated Tue, 24 Jun 2025 06:21 AM IST

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में मंगलवार को मानसून के पहुंचने की संभावना है। मौसम विभाग ने गरज के साथ भारी बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। वहीं, दक्षिण-पश्चिम मानसून के प्रभाव से पश्चिमी उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड से लेकर ओडिशा और पूर्वोत्तर के राज्यों में मूसलाधार बारिश हो रही है। 

मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और दक्षिण भारत के राज्यों में भी जमकर मेघ बरस रहे हैं। भारी बारिश के कारण पहाड़ों पर लगातार भूस्खलन हो रहा है। सोमवार को उत्तराखंड में यमुनोत्री धाम यात्रा मार्ग भूस्खलन में एक श्रद्धालु घायल हो गया, जबकि  तीन लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है, जिनकी तलाश की जा रही है। 

बदरीनाथ हाईवे और जम्मू में श्री माता वैष्णो देवी यात्रा मार्ग पर भी पहाड़ से मलबा गिरा है और यात्रा बाधित हुई है। मुंबई में समुद्र में ऊंची लहरें उठ रही हैं। उत्तर-पश्चिम भारत में बुधवार से एक हफ्ते तक लगातार मूसलाधार बारिश के आसार नजर आ रहे हैं।

उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में यमुनोत्री धाम पैदल यात्रा मार्ग पर जानकी चट्टी से करीब 3 किलोमीटर आगे और भैरव मंदिर के पास नौ काची में भूस्खलन हुआ। इसमें दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल है। मलबे में एक-दो और लोगों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है। 

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कहा कि हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थियां अनुकूल हैं। मंगलवार को मानसून के दिल्ली पहुंचने की संभावना है, जो निर्धारित समय से एक हफ्ता पहले है। आमतौर पर दिल्ली में मानसून 30 जून के आसपास पहुंचता है। आईएमडी ने कहा कि राजस्थान और पंजाब के कुछ और हिस्सों में भी मानसून के आगे बढ़ने के लिए हालात बेहतर बने हुए हैं। मानसून के आगमन के साथ ही दिल्ली में गरज के साथ भारी बारिश होने की संभावना है। 

Latest

विज्ञापन

Recommended

विज्ञापन
Next
एप में पढ़ें