नितिन गडकरी ने नागपुर में एक कार्यक्रम के दौरान किसानों का आह्वान किया कि वे कृषि उत्पादों की मार्केटिंग और उसके निर्यात के लिए अपनी खुद की कंपनियां बनाएं। गडकरी ने कहा कि सरकार वहां कदम रख सकती है, जहां किसान किसी समस्या का समाधान नहीं ढूंढ सकते हैं। वह अपने एग्रोविजन फाउंडेशन और सरकारी निकाय 'कृषि और प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण' के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित एक संपर्क कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। भाजपा नेता ने कहा कि 50 से 100 किसानों को कृषक उपज कंपनी बनाने के लिए एक साथ आना चाहिए, ताकि वे अपने उत्पाद को खुले बाजार में बेच सकें। उन्होंने कहा कि ऐसे समूह अपना खुद का कोल्ड स्टोरेज भी बना सकते हैं।