भारत ने 'अग्नि प्राइम' मिसाइल का ट्रेन से लॉन्च करने का सफल परीक्षण किया है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने गुरुवार सुबह इसकी जानकारी सोशल मीडिया पर दी। उन्होंने बताया कि यह एक मध्यम दूरी की अगली पीढ़ी की मिसाइल है, जिसे अब रेल-आधारित मोबाइल लॉन्चर से भी छोड़ा जा सकता है। ये मिसाइल करीब 2000 किलोमीटर दूर तक किसी भी लक्ष्य को सटीकता से निशाना बना सकती है।
रक्षा मंत्री ने ये भी बताया कि इस मिसाइल में कई खास तकनीक हैं। इसका परीक्षण एक खास तरह के ट्रेन लॉन्चर से किया गया, जो सामान्य रेलवे नेटवर्क पर बिना किसी बदलाव के चल सकता है और वहीं से मिसाइल दाग सकता है।
इस सफलता के साथ भारत अब उन गिने-चुने देशों की सूची में शामिल हो गया है, जिनके पास ट्रेन से मिसाइल लॉन्च करने की क्षमता है।