Murshidabad Babri Masjid News: पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के बेलडांगा में टीएमसी से निलंबित विधायक हुमायूं कबीर ने शनिवार को अयोध्या की बाबरी मस्जिद की तर्ज पर बनने वाली मस्जिद के लिए पत्थर व ईंट रखी। इसको लेकर रामनगरी के संत-धर्माचार्यों में गहरा आक्रोश है। संतों ने कहा कि 140 करोड़ भारतीयों का अपमान करने का काम हुमायूं कबीर ने किया है।
बाबरी मस्जिद केस के पूर्व पक्षकार इकबाल अंसारी ने भी इसे राजीनीति बताया है। उन्होंने कहा कि आज राम जन्मभूमि और बाबरी मस्जिद पर कोई झगड़ा नहीं है। कोर्ट ने जो फैसला लिया, उसका देश भर के मुसलमानों ने सम्मान किया। बंगाल में टीएमसी नेताओं को चुनाव से पहले बाबर के नाम पर बनी मस्जिद की याद आ गई। चुनाव अभी शुरू नहीं हुए हैं, लेकिन मंदिर-मस्जिद की राजनीति शुरू हो गई है। हमारा मानना है कि बाबर के नाम पर कोई मस्जिद नहीं बननी चाहिए, क्योंकि बाबर कोई मसीहा नहीं था।
कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने भी निलंबित TMC विधायक हुमायूं कबीर द्वारा बेलडांगा में बाबरी मस्जिद की नींव रखे जाने के मामले पर तीखा बयान दिया। उन्होंने कहा, "यह पूरे मुल्क में फिर से नफरत को खड़ा करने की तैयारी है और वह जो व्यक्ति जो यह काम कर रहा है उसने 2019 में भाजपा की ओर से चुनाव लड़ा था, वह भाजपा का व्यक्ति है। पश्चिम बंगाल सरकार को इसपर सख्ती से एक्शन लेना चाहिए।"
वहीं, भाजपा नेता सैयद शाहनवाज़ हुसैन ने कहा, "TMC पश्चिम बंगाल का माहौल खराब करना चाहती है। एक तरफ हुमायूं कबीर को TMC से बाहर कर दिया, दूसरी तरफ TMC के इशारे पर ही यह सब काम हो रहा है। TMC ध्रुवीकरण चाहती है। TMC पश्चिम बंगाल में वोट बैंक की राजनीति करना चाहती है।"