Jharkhand Students Protest: झारखंड में JPSC और JSSC परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ झारखंड विधानसभा की ओर मार्च कर रहे प्रदर्शनकारी छात्रों पर सोमवार को हुई पुलिस की कार्रवाई को लेकर अब राजनीति तेज हो गई है। वहीं, इस मामले पर अब जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर का बयान भी सामने आया है।
प्रशांत किशोर ने कहा, "लाठीचार्ज जंतर-मंतर पर भी हुआ है, पटना में भी हुआ है और झारखंड में भी हो रहा है। जब लोग पेपर लीक से परेशान हैं, यहां की ध्वस्त शिक्षा व्यवस्था से परेशान हैं, बेरोजगारी से परेशान हैं तो बच्चे सड़कों पर उतरेंगे ही। जो नेता इसके लिए दोषी हैं, वो बच्चों के गुस्से से बचने के लिए उनपर लाठी चलवा रहे हैं लेकिन लाठी चलवाने से यह दबने वाला नहीं है। यह मामला रुकने वाला नहीं है। यह आग नीचे फैलेगी और फैल रही है। युवाओं को और बच्चों को आप डरा नहीं सकते हैं। लाठी के बल पर आप उसको रोक नहीं सकते हैं। सरकार को जो मूलभूत समस्या है, रोजगार और शिक्षा की, उसका समाधान करना ही पड़ेगा। अगर आगे भी पेपर लीक होगा तो जिस सरकार के रहते होगा, उसको परेशानी का सामना करना पड़ेगा।"