Jan Suraaj First List for Bihar Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव के लिए गुरुवार को प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी ने 51 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की। प्रत्याशियों की सूची जारी होते ही पटना के जन सुराज कार्यालय में भारी हंगामा शुरु हो गया। टिकट नहीं मिलने से नाराज नेताओं ने नारेबाजी करते हुए हंगामा कर दिया।
जन सुराज पार्टी की उम्मीदवार सूची के विरोध जन सुराज नेता पुष्पा सिंह ने कहा, "सभी पार्टी को छोड़ कर हमने जन सुराज के प्रशांत किशोर पर भरोसा किया। जब से उनकी पैदल यात्रा चली है उनके साथ हम चले हैं। मुझे टिकट नहीं मिला। पहले कहा जाता था कि जिसने सबसे ज्यादा मेहनत की है उसे टिकट मिलेगा। जिसके नाम की घोषणा की गई है वे मशरक गांव में घूमने भी नहीं आया है। इंसाफ नहीं हुआ है।"
इस बीच, जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर का भी बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि, "आज जिन लोगों को टिकट नहीं मिला, उनके लिए थोड़ा गुस्सा या निराशा होना स्वाभाविक है, लेकिन वे जानते हैं कि जन सुराज में धनबल या बाहुबल का कोई प्रभाव नहीं होता। हमने समाज से किए वादे पूरे किए हैं और बिहार में जन सुराज स्थापित करने में सिर्फ 243 लोगों ने नहीं, बल्कि हजारों लोगों ने योगदान दिया है, जिनमें से 243 चुनाव लड़ रहे हैं।"