राजधानी जयपुर में अतिक्रमण को लेकर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई हो रही है। इस दौरान भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। जयपुर समेत कई जिलों से फोर्स मंगवाई गई है। बता दें कि कृष्णा मार्ग चौड़ीकरण परियोजना के तहत सड़क सीमा में आ रहे पांच धार्मिक स्थलों को हटाने की कार्रवाई के लिए रविवार को कड़े सुरक्षा इंतजाम शुरू कर दिए गए थे। प्रशासन ने पूरे इलाके को सील कर दिया है और किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। मौके पर आम लोगों के साथ-साथ मीडिया की एंट्री भी प्रतिबंधित कर दी गई है। कार्रवाई स्थल के आसपास स्थित मकानों की छतों पर भी पुलिस जवानों को तैनात किया गया है ताकि पूरे क्षेत्र की निगरानी की जा सके। प्रशासन ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की है और ऐहतियातन इंटरनेट भी बंद करवा दिया है।