Bihar Election 2025: महागठबंधन की ओर से RJD नेता तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित करने के एक दिन बाद अब राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बड़ा बयान दिया है। अशोक गहलोत ने कहा कि, "यह पहले से ही तय था कि तेजस्वी यादव सीएम उम्मीदवार होंगे, लेकिन सभी की सहमति आवश्यक थी, और वह प्राप्त की गई।"
अशोक गहलोत के इस बयान पर राजस्थान भाजपा अध्यक्ष मदन राठौड़ ने पलटवार किया है। मदन राठौड़ ने कहा, "उन्होंने जो तेजस्वी को घोषित किया है वो लालच देने का काम किया है ताकि वो कांग्रेस को अपने गठबंधन में शामिल करने दे इसलिए उन्होंने डर से तेजस्वी की घोषणा कर दी। गहलोत साहब ने कांग्रेस को समझाया कि तेजस्वी को स्वीकार करने में फायदा है। तभी वो तेजस्वी कांग्रेस को अंदर आने देगा। मुंगेरी लाल के हसीन सपने देखने में क्या जाता है। हमारा तो सामने दिख रहा है हमारा नेता नीतीश कुमार है हम उनके नेतृत्व में चुनाव लड़ रहे हैं। गहलोत साहब को इतने वर्षों से जो सत्ता में बैठा है वो दिख नहीं रहा है और सपने देख रहे तेजस्वी की।"
बता दें कि, महागठबंधन ने RJD नेता तेजस्वी यादव को अपना मुख्यमंत्री चेहरा घोषित कर दिया है। गुरुवार को महागठबंधन की तरफ से बुलाई गई प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस की ओर से राजस्थान के पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने स्पष्ट कहा कि चुनाव में जीत के बाद महागठबंधन अपना सीएम तेजस्वी यादव और डिप्टी सीएम मुकेश सहनी को बनाएगी।