उटंगन नदी में शनिवार को तीसरे दिन भी तलाशी अभियान जारी रहा, लेकिन खेरागढ़ के गांव कुसियापुर के लापता सातों युवकों में से किसी का पता नहीं चला। सेना, राष्ट्रीय आपदा मोचन दल (एनडीआरएफ) और एसडीआरएफ के साथ स्थानीय लोग भी नदी में उतरकर युवकों की तलाश कर रहे हैं। नदी की धारा को डूब क्षेत्र के बीच से नाला बनाकर दूसरी ओर मोड़ा गया है।
250 मीटर क्षेत्र में नदी का पानी कम करने के लिए अस्थायी बांध बनाया गया है और नाले के जरिए पानी निकाला जा रहा है। उधर, अपनों के इंतजार में परिवार के लोगों की आंखें पथरा गईं हैं। घटनास्थल पर हजारों लोग डेरा डाले हुए हैं। शाम को गुस्साए ग्रामीणों ने गांव के बाहर बनी शराब की कंपोजिट दुकान में तोड़फोड़ कर दी। शराब की बोतलों को सड़क पर फेंक दिया। आधा घंटे तक बवाल के बाद पुलिस पहुंची, तब मामला शांत हो सका।