विश्व पर्यावरण दिवस 2025 के उपलक्ष्य पर पर्यावरण संरक्षण समिति द्वारा मेला ग्राउंड अंब में एक विशेष पर्यावरण संरक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर समिति के सदस्यों, सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा शाम डिफेंस अकादमी के प्रशिक्षणार्थियों ने स्वच्छ व शुद्ध पर्यावरण– स्वस्थ समाज के संकल्प के साथ सामूहिक हवन किया और जन जागरुकता अभियान चलाया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिला संयोजक डॉ. रमन शर्मा ने बताया कि पर्यावरण है तो जीवन है और यदि पर्यावरण असुरक्षित होगा तो मानव जीवन भी संकट में पड़ जाएगा। उन्होंने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस का उद्देश्य लोगों को पर्यावरण संरक्षण के महत्व से अवगत कराना है। डॉ. शर्मा ने आमजन से अपील की कि वे अपने घरों में हवन कर वातावरण को शुद्ध करने की पहल करें, सिंगल यूज प्लास्टिक का त्याग करें और प्रकृति के संरक्षण में योगदान दें। इस अवसर पर सामाजिक कार्यकर्ता मनोज कौशिक ने समिति के सदस्यों और डिफेंस अकादमी के प्रशिक्षणार्थियों को पर्यावरण की रक्षा, प्लास्टिक का प्रयोग न करने और सतत विकास के लिए व्यक्तिगत जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने की शपथ दिलाई। कार्यक्रम में शाम डिफेंस अकादमी के प्रमुख शाम ठाकुर विशेष रूप से उपस्थित रहे, जिनकी उपस्थिति ने युवाओं में पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना को और मजबूत किया। इस आयोजन में पंडित गौरव शर्मा, सामाजिक कार्यकर्ता दलीप ठाकुर, योगेंद्र त्रिपाठी, सुरिंदर ठाकुर, मनोज कौशिक, अभिषेक शर्मा, अधिवक्ता राजेश जसवाल, रोहित ठाकुर, अमन गोस्वामी, कमल, तथा सुमित सूद सहित अन्य ने भाग लिया।