भरवाईं (ऊना)। श्री चिंतपूर्णी मंदिर में श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से मंदिर प्रशासन ने नाै नए पूर्व सैनिकों की तैनाती की है। इनमें से 8 पूर्व सैनिकों ने अपनी ड्यूटी भी संभाल ली है, जबकि शेष एक पूर्व सैनिक भी जल्द कार्यभार ग्रहण करेगा। इससे पहले मंदिर में 61 पूर्व सैनिक सुरक्षा एवं व्यवस्था की जिम्मेदारी निभा रहे थे। नए जवानों की नियुक्ति के बाद मंदिर में तैनात पूर्व सैनिकों की कुल संख्या बढ़कर करीब 70 हो जाएगी। इससे मंदिर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने में और मजबूती मिलेगी। जानकारी के अनुसार, मंदिर प्रशासन ने बढ़ती श्रद्धालुओं की संख्या और सुरक्षा आवश्यकताओं को देखते हुए पूर्व सैनिकों की संख्या बढ़ाने का प्रस्ताव भेजा था। प्रस्ताव को स्वीकृति मिलने के बाद नए पूर्व सैनिकों की नियुक्ति की गई है। पूर्व सैनिकों के इंचार्ज विधि चंद ने बताया कि श्री चिंतपूर्णी मंदिर में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पूर्व सैनिकों की संख्या बढ़ाई गई है। उन्होंने कहा कि पूर्व सैनिक अनुशासन, सतर्कता और सेवा भावना के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हैं, जिससे श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।