राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ खंड चिंतपूर्णी की ओर से सोमवार को पथ संचलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें बड़ी संख्या में स्वयंसेवकों ने भाग लिया। पथ संचलन मीरगु से शुरू होकर शंभू बैरियर तक निकाला गया। इस दौरान स्वयंसेवक अनुशासन के साथ कदमताल करते हुए आगे बढ़े। मार्ग में स्थानीय लोगों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर स्वयंसेवकों का स्वागत किया। कार्यक्रम में ध्वज प्रणाम, शस्त्र पूजन और संघ प्रार्थना सहित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं। इस अवसर पर त्रिभुवन शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि जिला प्रचारक टीकमचंद ने मुख्य वक्ता के रूप में स्वयंसेवकों को संबोधित किया। अपने संबोधन में जिला प्रचारक टीकमचंद ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ शक्ति की प्रार्थना करता है, लेकिन शक्ति की स्थिरता के लिए व्यक्ति का चरित्र मजबूत होना बेहद जरूरी है।